
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत शेरे पंजाब चौक के समीप मिरुडीह निवासी नामोनि कोड़ा नामक महिला अपने पिता के साथ आदित्यपुर बाजार में समान खरीदारी करने के लिए आई थीं. लेकिन उसी दौरान एक चोर महिला का पर्स छीनकर भाग निकला. अचानक महिला भीड़- भाड़ इलाके में चिल्लाने लगी. इससे आसपास में स्थानीय राहगीरों ने उसकी आवाज सुनकर चोर को दौड़ाकर शर्मा मार्केट के समीप से धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने महिला से छीना गया पर्स बरामद कर लिया है. पूछताछ के क्रम में युवक ने अपना नाम राजेश सिंह बताया. उसने बताया कि बीती रात ही पुरुलिया से अपने गिरोह के साथ यहां आया है. उसके गिरोह के अन्य सदस्य अलग- अलग इलाकों में घुम रहे हैं, जिसके बाद पुलिस सकते में आ गई है. पुलिस युवक से गहनता से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों को ढूंढने में जुट गई है.





