आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर स्थित आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत इच्छापुर बजरंग टोला में रोहित मांझी नामक युवक पर आपसी विवाद में पांच युवकों ने तलवार से जानलेवा हमला किया गया है. इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार रोहित मांझी बीती रात ड्यूटी कर घर जा रहा था. उस बीच पहले से घात लगाए पांच युवक रोहन साहू, कबीर मुखी, समीर भगत, रवि साहू, मोहन साहू ने हत्या की नीयत से तलवार और उस्तरा से जानलेवा हमला कर दिया. इससे रोहित मांझी बुरी तरह घायल हो गये. घटना के बाद घायल को आनन-फानन में देर रात टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. इधर इस घटना से आक्रोशित स्थानीय इच्छापुर बजरंग टोला के लोगों ने वार्ड पार्षद महतो, झामुमो नेता मोहन कर्मकार के नेतृत्व में थाना पहुंचकर पांचो नामजद आरोपियों के विरुद्ध लिखित शिकायत की है और गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं.




