
आदित्यपुर: रविवार देर रात करीब 8:30 बजे के आसपास आदित्यपुर थाना अंतर्गत मुस्लिम बस्ती मे बेखौफ अपराध कर्मियों ने 27 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान मोहम्मद फिरोज के रूप में की गई है. बताया जाता है कि युवक पेशे से बिजली मिस्त्री था. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि युवक अपने घर से जैसे ही निकला किसी ने उसे गोली मार दी. कोई कुछ समझ पाता इससे पहले युवक सड़क पर गिर पड़ा. सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.















