
जमशेदपुर : जमशेदपुर में भाजपाइयों के एक दल ने जमशेदपुर के साकची स्थित धालभूम क्लब में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की. अटल विचार मंच के बैनर तले इसका आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व भाजपा के पूर्व जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष बिनोद सिंह ने किया. इस दौरान ”अटल बिहारी वाजपेयी एक व्यक्ति नहीं सम्पूर्ण मानव थे”, पर विचार रखें. इस कार्यक्रम में केंद्रीय आदिवासी जनकल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ संचालक अभय सामंत, घाटशिला के पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष जकुमार श्रीवास्तव, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष नंदजी प्रसाद एवं कार्यक्रम संयोजक बिनोद सिंह ने अटल जी की तस्वीर के सामने द्वीप प्रज्जवलित एवं पुष्पांजली अर्पित कर किया. स्वागत भाषण बिनोद सिंह ने दिया.

अभय सामंत ने अटल जी की जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके साथ बिताए कुछ पलों की चर्चा करते हुए कहा कि उनकी राष्ट्र के प्रति सोच, उनका निर्मल कवि हृदय और उनकी दूरदर्शिता के कारण ही जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी को शून्य से शिखर तक पहुंचाए. लक्ष्मण टुडू ने संबोधित करते हुए कहा कि अटल जी अपने नाम के अनुरूप ही सोच समझ कर निर्णय लेने के साथ उसपर अटल रहते थे जिसका परिणाम हैं कि झारखंड राज्य का गठन अपने नेतृत्व में उन्होने किया. मुख्य अतिथि अर्जुन मुंडा ने अपने संबोधन में कहा कि वास्तव में अटल जी एक व्यक्ति नहीं सम्पूर्ण मानव थे. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में उन्होंने अपने आप को समर्पित कर दिया. उसके पश्चात डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के मार्गदर्शन में जनसंघ को मजबूती प्रदान करते हुए भाजपा के प्रथम अध्यक्ष बने और 24 पार्टियों के गठबंधन के साथ देश का कुशल नेतृत्व करते हुए भारत की बातों को विश्व पटल ठोस तरीके से रखा. उन्होंने कहा कि ये मेरा सौभाग्य था कि जन-जन के ह्रदय सम्राट अटल जी के मार्गदर्शन में काम करने का अवसर कई वर्षों तक मिला और मेरा राजनैतिक जीवन उनसे बहुत प्रभावित रहा हैं. अटल जी अपने आप में एक विचार, एक नीति थे. वे सच्चे राष्ट्र दृष्टा थे. धन्यवाद ज्ञापन विजय तिवारी ने किया. मंच संचालन शिव प्रकाश शर्मा ने किया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से शैलेन्द्र सिंह, गणेश महाली, गंगा प्रसाद साहू, चितरंजन वर्मा, नीरू सिंह, रीता मिश्रा, हरेंद्र पांडेय, अनिल मोदी, मुकेश शर्मा, बिनोद राय, मनोज वाजपेयी, नीलकमल शेखर, हलधर नारायण शाह, कमल किशोर, दीपक पारिख, मनोज सिंह, विमल बैठा, आनंद झा, अमरेन्द्र मल्लिक, शंभू त्रिवेदी, अर्जुन शर्मा, शत्रुघ्न गिरी, उपेन्द्र गिरी, उमा शंकर सिंह, रविन्द्र सिंह, निशिनाथ सिन्हा के साथ साथ भारी संख्या में संघ एवं भाजपा भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित थे.





