
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम समाहरणालय सभागार में बुधवार को केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. 26 एवं 27 दिसंबर को सीएए एवं एनआरसी के विरोध में होने वाले सभा के संबंध में शांति समिति के सदस्यों को अवगत कराते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की बात कही गई. सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने कहा कि मानगो गांधी मैदान में सीएए के विरोध में सभा के आयोजन की अनुमति दी गई है. विरोध-प्रदर्शन के दौरान किसी भी तरह से सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचे, इसे सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है. विधि-व्यवस्था के संधारण हेतु दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. प्रदर्शन के दौरान प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था के सफल संधारण हेतु सभी आवश्यक कदम उठाये जाएंगे. विरोध अहिंसात्मक हो, विरोध में ज्ञापन, उपवास एवं अन्य शांति मार्ग अपनाये जा सकते हैं. 26 एवं 27 दिसंबर को पूरे शहर में शांति व्यवस्था बनाये रखना है. धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार ने जमशेदपुरवासियों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी ऐसा कदम नहीं उठायें जिससे जमशेदपुर की छवि खराब हो. जमशेदपुर में अमन-चैन कायम रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण हो इस दिशा में सभी जरूरी कदम उठाये जाएंगे। अपर जिला दंडाधिकारी नंदकिशोर लाल द्वारा केन्द्रीय शांति समिति के सदस्यों को दुर्गापूजा, मोहर्रम, छठ एवं चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग के प्रति आभार प्रकट किया गया. शांति समिति के सदस्यों को क्रिसमस एवं नव वर्ष की भी बधाई दी गई. बैठक में उपस्थित सदस्यों से प्रशासन द्वारा उनके सुझाव भी मांगे गए. इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कल्याणी शरण, सभी पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी तथा अन्य उपस्थित थे.







