
जमशेदपुर : पूरे देश में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पूरे उत्साह के साथ मनाई जा रही है. भाजपा के निष्कासित भाजपाइयों ने अपने को असल भाजपाइ बताते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धा सुमन अर्पित की. साकची बसंत टॉकीज के सामने स्थित भाजपा के पुराने कार्यालय के सामने ही सभा की. भाजपा के नेताओं ने यहां खुद को असली भाजपा के नेता और कार्यकर्ता बताया. इसका नेतृत्व भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने किया.
इसके अलावा यहां निष्कासित नेता सतीश सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री रघुवर दास के सबसे करीबी माने जाने वाले जयनारायण सिंह, समेत कई पुराने भाजपाइयों का यहां जुटान हुआ. इसके अलावा यहां हजारों की भीड़ जुटी हुई थी. चारो ओर भाजपा का झंडा लगाकर यह कार्यक्रम भाजपाइयों ने ही किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के प्रति अपनी आस्था भी जतायी.
मंच से निष्काषित भाजपा नेता अपरप्रीत सिंह काले ने इशारों ही इशारों में जिनके कारण भाजपा की यह स्थिति हुई है, उसको भी आड़े हाथों लिया और कहा कि भाजपा का शुद्धिकरण जरूरी है. अटल विचार वाहिनी के बैनर तले हुए इस कार्यक्रम के दौरान जनसंघ काल के कार्यकताओं को शाल ओढ़ाकर उनका सम्मानित किया गया. अमरप्रीत सिंह काले ने अटल जी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ता अमरप्रीत सिंह काले ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मेरा भाजपा से जुड़ाव की एकमात्र वजह श्रद्धेय अटल जी ही थे. उनके व्यक्तित्व उनके विचार से प्रभावित होकर मैं भाजपा परिवार का सदस्य बना ऐसे मनुष्य धरा पर विरल ही जन्म लेते हैं अटल जी, अटल थे और अटल ही रहेंगे उनका कथन “छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता” मेरे जीवन का ध्येय बन गया. मैं जीवन के कर्तव्य पथ पर चलते हुए जो भी हासिल हुआ, उसमें ही संतुष्ट रहा और ईश्वर से सदैव प्रार्थना करता रहा हूँ कि प्रभु मुझे इतनी ऊंचाई मत देना कि अहंकार से ग्रसित हो कर लोगों को गले भी लगा ना सकूँ.
मान अपमान सब को सहजता से ग्रहण किया पर अटल जी के कहे वाक्यों को कभी भी मन मस्तिष्क से ओझल होने नहीं दिया. उन्होंने कहा कि ये हम सभी का सौभाग्य है कि हमें अपने जीवन काल में अटल जी को देखने का सुनने का अवसर मिला वे महामानव थे जिनकी स्मृति मात्र से ही जीवन का सार समझ आ जाता है. कार्यक्रम को जयनारायण सिंह, पूर्व सैनिक वरुण कुमार, राजीव कुमार आदि ने भी संबोधित किया. उन्होंने अपने संबोधन में अटल जी को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें याद किया.

इस अवसर पर जनसंघ काल के श्रीराम पांडेय भार्गव, मुरलीधर वर्णवाल, रामरेखा सिंह, यमुना तिवारी व्यथित, दलबीर सिंह, धनेश्वर तिवारी, राम नारायण सिंह, बसुकांत चौधरी, वीरेंद्र सिंह, रामकुमार सिंह, श्री राम निवास मिश्रा, सुरेंद्र नारायण सिन्हा, राम नरेश मिश्रा, रामेश्वर प्रसाद सिंहा, प्रमिला शर्मा, रविंद्र सिंह, कृष्ण दत्त पांडेय, जय नारायण सिंह, राजपति देवी, मधुलिका मेहता, सतीश सिंह, राजीव कुमार, रामकेवल मिश्रा, मोहनलाल अग्रवाल, महेश प्रसाद, कैलाश झा, जसवंत सिंह, कुलविंदर सिंह, मुन्ना चौबे को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में मंच का संचालन डीडी त्रिपाठी व धन्यावाद ज्ञापन राजपति देवी ने किया.







