
रांची : पश्चिम सिंहभूम जिले के बुरुगुलीकेरा गांव में पत्थलगढ़ी को लेकर सात आदिवासियों के नरसंहार के खिलाफ भाजपा ने हल्ला बोल दिया है. सरकार के खिलाफ हल्ला बोलते हुए भाजपाइयों ने रांची के राजभवन के सामने धरना दिया. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, रवींद्र राय समेत तमाम विधायकों ने धरना दिया. इन लोगों ने सरकार के खिलाफ मौन धरना दिया. हाथों में तख्तियां लेकर सारे लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. इन लोगों ने आदिवासियों की खून की होली खेलने का आरोप भी राज्य सरकार पर लगाया और कहा कि आदिवासी हित की बात कहकर सरकार में आने वाले झामुमो और कांग्रेस की सरकार पहले महिने से ही जनता के खिलाफ काम करने लगी है और खून खराबा पूरे राज्य में करा रही है. इन लोगों ने आरोप लगाया कि दंगा भी सरकार की ही देन है. पत्थलगढ़ी के मामले को लेकर हुए नरसंहार के खिलाफ भाजपा की ओर से आंदोलन को तेज कर दिया गया है. गौरतलब है कि, पत्थलगढ़ी को लेकर पूर्व मुखिया के पति के गुट ने उपमुखिया समेत सात लोगों की हत्या रविवार को कर दी थी जबकि शव बुधवार को बरामद किया गया था. इस मामले में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.




