
जमशेदपुर : झारखंड में राजनीतिक हालात 27 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस के दूसरे दिन से बदल सकते है. 27 से 31 जनवरी के बीच यह बदलाव होने वाला है, जिसको लेकर तैयारी चल रही है और राजनीतिक तौर पर अंदर ही अंदर गतिविधियां चल रही है. राज्य में जहां राज्य सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार होने वाला है जबकि कांग्रेस और राजद के साथ झामुमो की सरकार आगे कैसे चलेगी, इसकी भी रुपरेखा तय होगी. मंत्रिमंडल में झामुमो के किन लोगों को सरकार में जगह दी जा रही है और आगे झामुमो में भी किसका कद बढ़ेगा और किसका कद घटेगा, यह भी तय होना अभी बाकि है, जो इस माह के अंत तक साफ हो जायेगा. इसके अलावा यह भी तय हो जायेगा कि कांग्रेस में प्रदीप यादव और बंधु तिर्की शामिल होंगे या नहीं. इसके अलावा कांग्रेस में जाने की स्थिति में प्रदीप यादव मंत्री बनेंगे या नहीं, यह भी तय हो जायेगा. झारखंड विकास मोरचा का विलय होना है या नहीं, यह भी 27 या 28 जनवरी तक साफ हो जायेगा क्योंकि बाबूलाल मरांडी 28 जनवरी तक कार्यसमिति की बैठक कर इस पर फैसला ले लिया जायेगा. भाजपा में झाविमो का विलय होगा या नहीं, इसको भी तय किया जायेगा. भाजपा में झाविमो के विलाय के अलावा भाजपा अपने विधायक दल का नेता का चुनाव करेगा जबकि भाजपा अपना नया प्रदेश अध्यक्ष भी चुनेगा जबकि विपक्ष का नेता को भी मनोनित करेगा. यहीं वजह है कि हर पार्टी पर सबकी नजरें टिकी हुई है.





