
चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय में एजेंसी के तहत बहाल कार्यरत कर्मचारियों को पिछले पांच महीनों से मानदेय नहीं मिला है। नववर्ष और पर्व त्योहार के समय मानदेय नहीं मिलने से कर्मी व उनका परिवार आर्थिक तंगी झेलने को विवश है। इस मामले को लेकर केयू कर्मियों ने शुक्रवार को विधायक दीपक से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। इस मामले को विधायक ने गंभीरता से लिया।

पूरी जानकारी लेते हुए विधायक श्री बिरुवा ने कुलपति डॉ शुक्ला महांती से फोन पर बात की। जिस पर कुलपति डॉ महंती ने आगामी सोमवार तक कर्मियों का बकाया मानदेय का भुगतान करा देने की बात कही। जानकारी लेते हुए कर्मचारियों की समस्या को जल्द दूर कराने की बात कही। कोल्हान विश्वविद्यालय में एजेंसी के तहत फिलहाल 63 कर्मी कंप्यूटर ऑपरेटर, सुरक्षा कर्मी, आदेशपाल समेत अन्य पदों पर कार्यरत हैं। विधायक की इस तत्परता पर कर्मचारियो ने हर्ष जताया। साथ ही श्री बिरुवा ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेने के लिए आभार प्रकट किया.







