
जमशेदपुर : टिनप्लेट कंपनी और टाटा स्टील द्वारा संचालित संस्था सोसाइटी फॉर प्रोमोशन ऑफ प्रोफेशनल एक्सीलेंस (एसपीपीइ) ने मिलकर स्प्लैश 2020 का आयोजन किया. यह एक पेंटिंग प्रतियोगिता है, जिसमें स्कूली बच्चों द्वारा अपनी कला का प्रदर्शन किया जाता है. इस पेंटिंग प्रतियोगिता का उदघाटन जमशेदपुर के टाटा स्टील द्वारा संचालित रुसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस में किया गया.
इसके उदघाटन के मुख्य अतिथि टिनप्लेट के एमडी आरएन मूर्ति थे. इस दौरान रुसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस की प्रभारी मरलिन अंकलसरिया और टिनप्लेट कंपनी के पदाधिकारी उदय सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे. इस दौरान स्कूली बच्चों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया, जिसको देखने के लिए भी काफी ज्यादा लोग आये. स्कूली शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने भी इस समारोह में हिस्सा लेकर इसको सफल बनाया.
इस दौरान पेंटिंग कर इस कार्यक्रम का उदघाटन मुख्य अतिथि ने किया. पूरे कार्यक्रम में जमशेदपुर के कुल 15 स्कूलों के 150 बच्चों ने हिस्सा लिया. एक स्कूल के दस बच्चे इसमें शामिल हुए, जिसमें पांच बच्चे सीनियर कैटेगोरी के थे जबकि पांच बच्चे जूनियर कैटेगोरी के थे. इन सारे बच्चों ने यहां कल्पना के रंग भरे और एक से बढ़कर एक पेंटिंग का प्रदर्शन किया. इनकी पेंटिंग को देखकर हर कोई प्रभावित हो गया. यह आयोजन हर साल होता है और हर साल बच्चों में एक नयी प्रतिभा को निखारने में मदद मिलती है.







