आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मोतीनगर में शनिवार देर रात चोरी की हैरान करने वाली घटना सामने आई है. गम्हरिया ब्लॉक के पीछे स्थित मोतीनगर बस्ती में चोर एक घर में घुसकर पांच मोबाइल फोन और अलमारी में रखे करीब 15 से 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. हैरानी की बात यह है कि घटना के समय पूरा परिवार घर में मौजूद था और सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे. इसके बावजूद किसी को चोरों के आने-जाने की भनक तक नहीं लगी. (नीचे भी पढ़ें)
गृहस्वामिनी सुधा देवी के अनुसार, रात में परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे. सुबह उठने पर घर में चोरी होने की जानकारी मिली. चोर घर में कब और कैसे दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर कब निकल गए, इसका किसी को पता नहीं चला. परिवार के सदस्यों ने आशंका जताई है कि चोरी के दौरान चोरों ने किसी प्रकार के बेहोशी वाले स्प्रे का इस्तेमाल किया होगा. हालांकि, इसकी अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि परिवार के लोग चोरी के दौरान क्यों नहीं जागे और चोरों ने किस तरीके से वारदात को अंजाम दिया. (नीचे भी पढ़ें)
मोतीनगर की घटना से पहले गम्हरिया थाना क्षेत्र के बलरामपुर में भी चोरी की बड़ी वारदात सामने आई थी. वहां चोरों ने आशुतोष कुमार के बंद घर को निशाना बनाकर करीब 30 लाख रुपये के जेवरात और 28 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे. उस मामले का पुलिस खुलासा कर पाती, इससे पहले मोतीनगर में हुई चोरी ने पुलिस के सामने एक और चुनौती खड़ी कर दी है. लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी है. लोगों ने रात्रि पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. स्थानीय पार्षद शुभम पांडे ने घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस से जल्द मामले का उद्भेदन कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है. अब पुलिस के सामने दोनों चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने के साथ यह पता लगाने की भी चुनौती है कि वारदातों के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या अलग-अलग अपराधियों ने इन्हें अंजाम दिया है.




