
रांची : झारखंड के दोदिवसीय दौरे पर देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रांची पहुंचे. रांची स्थित हवाई अड्डा पर उनका भव्य स्वागत किया गया. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू , मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, रांची की महापौर आशा लकड़ा , मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक केएन चौबे, दक्षिणी छोटानागपुर के आयुक्त तथा रांची के उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक समेत कई आला अधिकारी और सेना के अधिकारियों ने स्वागत किया. वे दो दिनों के दौरे पर रहेंगे. वे रांची में सेंट्रल यूनिवर्सिटी में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे. इसके अलावा वे देवघर के दौरे पर भी जायेंगे जबकि गुमरा में भी उनका कार्यक्रम संभावित है. उनके आगमन को लेकर रांची में काफी सुरक्षा व्यवस्था है. कई सड़कों को बंद किया गया है. वे शनिवार को वापस रांची से नयी दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगे.







