
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के पुरनापानी गांव के पास मानव संसाधन विभाग से स्वीकृत करोड़ों की लागत से निर्मणाधीन स्कूल भवन का निर्माण कार्य चार वर्ष बाद भी पूर्ण नहीं हुआ है. स्कूल भवन पूर्ण नहीं होने के कारण विद्यालय की कक्षाएं उधार के भवन के कमरे में संचालित हैं. स्कूल भवन पूर्ण नहीं होने के कारण क्षेत्र के लोगों में शिक्षा विभाग और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के खिलाफ असंतोष है. ग्रामीणों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की उपेक्षा के कारण चार वर्ष बाद भी स्कूल भवन का निर्माण कार्य पूर्ण नही हो पाया है. भवन निर्माण पूर्ण नहीं होने के कारण विस क्षेत्र के गरीब विद्यार्थी शिक्षा पाने से वंचित हो रहे हैं. ग्रामीणों ने कहा कि करोड़ों की लागत से निर्मित स्कूल भवन पूर्ण नहीं होने के कारण क्षेत्र में दर्शन की वस्तु बनकर रह गया है. देखरेख के अभाव में स्कूल भवन के पास झाड़ियां उग आयी हैं, वहीं भवन में दरारें भी पड़ने लगी हैं. फंड के अभाव के कारण यह स्कूल भवन अधर में लटका हुआ है. वहीं संवेदक ने स्कूल भवन को गोडाउन में तबदील कर दिया है, जिससे भवन बर्बाद हो रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल भवन सह छात्रावास निर्माण करने के लिए विस क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने वर्ष 2015-16 में शिलान्यास किया था. चार वर्ष बीतने के बावजूद आज तक क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की उपेक्षा के कारण भवन निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है. यह विद्यालय भवन क्षेत्र के लोगों के लिए दर्शन की वस्तु बनकर रह गया है.
उधार के भवन में चल रहा है मॉडल स्कूल
मॉडल स्कूल के भवन निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने के कारण यह विद्यालय चाकुलिया के केदारनाथ झुनझुनवाला उच्च विद्यालय के 6 कमरे में संचालित है. विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक कनक कुमार ने बताया कि स्कूल का अपना भवन नहीं होने के कारण स्कूल केएनजे स्कूल के 6 कमरों में संचालित है. विद्यालय में कक्षा छठी से 10वीं कक्षा तक की पढ़ाई होती है. विद्यालय में 103 विद्यार्थी नामांकित हैं. विद्यालय में शिक्षकों की भी समस्या है. उन्होंने कहा कि भवन की कमी और शिक्षकों की कमी के बावजूद भी स्कूल की मैट्रिक परिक्षा का रिजल्ट पिछले तीन वर्षों से शत-प्रतिशत रहा है. विद्यालय का अपना भवन बन जाये और स्कूल में अतिरिक्त शिक्षकों की पदस्थापन कर दी जाये, यह विद्यालय क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनायेगा.


















