
जमशेदपुर/सरायकेला : झारखंड राज्य में अनुबंधित स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल जारी है. इसको लेकर हालात अब और खराब होते नजर आ रहे है. जमशेदपुर हो या फिर सरायकेला-खरसावां या फिर पश्चिम सिंहभूम जिला, हर जगह स्वास्थ्यकर्मी हड़ताल पर चले गये है. इसको लेकर कोरोना का टेस्ट और सैंपल कलेक्शन का काम भी शुरू कर दिया गया है. जमशेदपुर समेत हर जिले में यह स्थिति है. जमशेदपुर के सदर अस्पताल के अनुबंधित स्वास्थ्य कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं. वैसे स्वास्थ्य कर्मी समान काम के बदले समान वेतन की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं. जहां आज इनके हड़ताल का तीसरा दिन है.
आपको बता दें कि काफी कम पैसा पाकर भी कोरोना काल में अपनी जान जोखिम में डालकर ये स्वास्थ्यकर्मी काम कर रहे हैं, लेकिन इनके और इनके परिवार के लोगों का इंश्योरेंस नही है, ना ही उचित वेतन मिल रहा है. उधर अपनी इस मांग को लेकर के सभी अनुबंधित स्वास्थ्य कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं. वैसे हड़ताल पर बैठे स्वास्थ्य कर्मियों ने ऐलान किया है, कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाएगी ये काम पर वापस नहीं लौटेंगे. एक तरफ कोरोना के कारण स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है, वहीं दूसरी तरफ काम करने वाले स्वास्थ्य कर्मी हड़ताल पर चले गए हैं. जिसके कारण अब आम लोगों का भी इलाज सदर अस्पताल में नहीं हो रहा है. यह हालात लगभग सभी अस्पतालों में है. ऐसे में जरूरी है कि अस्पतालों की व्यवस्था को लेकर स्थिति पर नजर रखते हुए कार्रवाई की जाये.








