
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति 8 अगस्त को रक्तदान शिविर का आयोजन रेड क्रॉस भवन में किया गया है. 8 अगस्त के रक्तदान शिविर में वे सभी रक्तदाता, जिन्होने 8 मई तथा 10 मई को जमशेदपुर ब्लड बैंक में रक्तदान किया था या उससे पूर्व रक्तदान किया था, वे रक्तदान कर सकेंगे. इधर कमानी सेन्टर शॉप आनर्स वेल्फेयर्स एसोसियेशन ने भी 8 अगस्त को रेड क्रॉस भवन में रक्तदान करने की इच्छा जतायी है. रेड क्रॉस भवन में आयोजित इस रक्तदान शिविर का महत्व और अधिक इस कारण भी है कि वर्तमान समय में जमशेदपुर ब्लड बैंक एक बार पुनः रक्त की कमी से जूझ रहा है तथा जरुरतमंद लोग, बीमार व थैलेसेमिया ग्रस्त बच्चों को जहां रक्त के लिए परेशानी हो रही है, वही उन लोगों का ऑपरेशन बार-बार टल रहा है. इसके लिए रक्त की आवश्यकता है. रक्त की इस कमी को दूर करने के लिए रक्तदाताओं में उत्साह की आवश्यकता है, ताकि कोविड-19 के इस माहौल के बीच भी रक्तदाता पीड़ित मानवता की सेवा के संकल्प के साथ ही रक्तदान कर रक्त की कमी को दूर करें. रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने कहा कि शहर के रक्तदाता हमेशा संकट को दूर करते हैं और इस बार भी वे इस संकट को दूर करेंगे. उन्होने कहा कि 8 अगस्त के रक्तदान के साथ ही रक्त की कमी का संकट दूर हो जायेगा. उन्होने रक्तदाताओं से आगे आकर रक्तदान करने का आग्रह किया है.







