
जमशेदपुर: जमशेदपुर झामुमो नगर समिति ने शहर में जमशेदपुर अक्षेस की ओर से आबंटित किए गए दुकानों की जांच की मांग उठाई है. इस संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री के नाम एक मांग पत्र जिले के उपायुक्त को सौंपा गया. वहीं सौंपे गए मांग पत्र में कहा गया है कि पिछली सरकार यानी भाजपा की सरकार में बड़ी संख्या में पूरे अक्षेस क्षेत्र में दुकानों का आबंटित किया गया, जिसमे अनियमितता बरती गई है. इन्होंने कहा कि चुनिंदा लोगों के नाम दुकाने आबंटित की गई है, जबकि वास्तविक हकदारों को दरकिनार किया गया है, जिसकी सम्पूर्ण जांच की जानी चाहिए. झामुमो ने दुकानों के वास्तविक हकदारों आबंटित किए जाने की मांग की है.झामुमो का कहना है कि इस मामले की शिकायत उपायुक्त रविशंकर शुक्ला से की गयी थी. उन्होंने जांच के आदेश भी दिए थे. इसी बीच उपायुक्त का स्थानांतरण हो गया, जिसके बाद मामले को ठंडे बंस्ते में डाल दिया गया. झामुमो नगर समिति के अध्यक्ष दलगोविंद लोहरा का कहना है कि अक्षेस की अधिकारियों में विकास के प्रति उदासीनता नजर आती है. अक्षेस के पदाधिकारियों की कार्यशैली से सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है. झामुमो ने कहा कि इस मामले की दोबारा जांच होनी चाहिए ताकि विकास कार्यों में बाधक बनने वाले अधिकारियों पर ठोस कार्रवाई की जाए.








