
जमशेदपुर : पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिन ईद मिलादुन्नबी शुक्रवार को झारखंड में अकीदत व एहतेराम के साथ मनाया जा रहा है. कोरोना काल के कारण हालांकि इस बार जुलूस ए मोहम्मदी नहीं निकाला गया. इस्लाम धर्म के प्रवर्तक पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिन दुनिया भर में ईद मिलादुन्नबी के रूप में धूमधाम से मनाया जाता है. मोहम्मद साहब का जन्म सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का मुआज्मा में हुआ था. उन्होंने अपने जीवनकाल में प्रेम, भाईचारा और शान्ति का संदेश दिया.

जमशेदपुर स्थित साकची जामा मसजिद के इमाम व खतीब के अनुसार मौजूदा दौर में पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाएं और ज्यादा प्रासंगिक हो गयी हैं. इधर, हजरत मोहम्मद के जन्मोत्सव को ले मनाए जाने वाले पर्व से पहले जमशेदपुर में गुरुवार की शाम शहर में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया. पर्व के दौरान शहर में अमन व शांति व्यवस्था कायम रखने को ले फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों और जवानों ने लोगों से घरों में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की. साथ ही वैश्विक महामारी को देखते हुए सुरक्षा मानकों का ख्याल रखते हुए शांति व्यवस्था कायम रखने में पुलिस को सहयोग करने की अपील की. मुसलिम बहुल इलाकों में सुरक्षा के बंदोबसत थे तो कई युवाओं ने इस दौरान खिचड़ा का भी वितरण कई इलाकों में किया.







