
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त के निर्देश पर जिले में चल रहे अवैध बालू खनन को लेकर गुरूवार देर रात आदित्यपुर एव गम्हरिया थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाली खरकई एवं स्वर्णरेखा नदी घाटों पर जिला खनन पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी राम कृष्ण कुमार के नेतृत्व में आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा, गौरी घाट दोमुहानी में रात्रि लगभग 12:30 बजे छापामारी किया गया. इसमें बालू लदे छः गाड़ियों को पकड़ा गया, जिसे पकड़कर आदित्यपुर थाना में रखा गया है. इनके नंबर JH05G 9987, JH05AY 3156, JH05CD 9987, JH22 A4761, JH05AF 2041 और JH05CJ 9938 है. इनमें से एक गाड़ी में डिट्टी लदा हुआ है. छापामारी टीम में सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राकेश रंजन, जिला खनन पदाधिकारी सनी कुमार, अंचलाधिकारी गम्हरिया धनंजय कुमार राय, आदित्यपुर थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद महतो आदि उपस्थित थे. वहीं इस दौरान किसी की गिरफ्तारी होने की पुष्टि नहीं की गयी है. वैसे शुक्रवार सुबह से ही आदित्यपुर थाने में पैरवीकारों को मंडराते देखा गया. इनमें सफेदपोश से लेकर कई चर्चित रसूखदारों को भी थाने के आस-पास मंडराते देखा गया. हैरान करने वाली बात यह है कि सभी गाड़ियां रात के अंधेरे में बालू उठाव करते दबोचे गए. इससे साफ प्रतीत होता है कि अवैध बालू का उत्खनन कहीं न कहीं थाना के संरक्षण में संचालित हो रहा था. फिलहाल सभी गाड़ियों को जब्त करते हुए जांच होने की बात कही जा रही है. माना जा रहा है कि कई गाड़ियों के पास फिटनेस प्रमाण पत्र भी नहीं हैं. वैसे इसकी कई दिनों से सूचनाएं लगातार आ रही थी, कि आदित्यपुर इलाके में अवैध बालू का खनन हो रहा है. जहां हिंसक झड़प होने की भी आशंका जताई जा रही थी. हालांकि छापेमारी टीम द्वारा बताया गया कि यह छापामारी अभियान लगातार जारी रहेगा.







