
जमशेदपुर : जमशेदपुर में क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट में संशोधन पर रोक की मांग तेज होने लगी है. बुधवार को एकबार फिर से आईएचएमओ ने इस कानून पर रोक लगाए जाने की मांग को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा. इसके माध्यम से आईएचएमओ की ओर से बताया गया कि केंद्र सरकार द्वारा डॉक्टरों के लिए बनाया गया कानून क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट को झारखंड में लागू किया जा रहा है जो डॉक्टर और मरीज दोनों के हित में नहीं है. इस एक्ट के लागू होने से छोटे-छोटे अस्पताल और क्लीनिक बंद हो जाएंगे, जिससे सैकड़ों डॉक्टर बेरोजगार हो जाएंगे. चंद बचे हुए बड़े स्वास्थ्य संस्थानों में इलाज तीन गुना महंगा हो जाएगा और राज्य में गुणवत्ता पूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की घोर कमी हो जाएगी.





