
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को हिरासत में लिए गए नाबालिग प्रेमी जोड़ों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इससे पूर्व दोनों को मेडिकल जांच के लिए सरायकेला भेजा गया. गौरतलब है कि मंगलवार को नाबालिग युवती की बड़ी बहन संतोषी कुमारी ने जमशेदपुर के धातकीडीह रेडियो मैदान निवासी रहमत अंसारी पर अपनी नाबालिग बहन को झांसा देकर भगाने का आरोप लगाते हुए आदित्यपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. इससे पूर्व संतोषी द्वारा रहमत अंसारी को आदित्यपुर खरकई पीओपी के समीप बुलाया था. जहां रहमत अंसारी और उसके दोस्तों द्वारा संतोषी के साथ बदसलूकी की गई थी, जिसके बाद संतोषी के साथ आए युवकों ने रहमत अंसारी की जमकर धुनाई कर डाली थी. जिसे आदित्यपुर थाना पुलिस के सहयोग से बचाया गया और एमजीएम अस्पताल में इलाज के बाद युवती और उसके प्रेमी को आदित्यपुर थाना लाया गया. जहां से पूछताछ के बाद दोनों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इधर हिंदूवादी संगठन इसे लव जिहाद का मामला बताकर विरोध जता रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने युवती और उसके नाबालिग प्रेमी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.




