
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार एस अभिनव और अंचलाधिकारी राजीव कुमार ने प्रखंड कार्यालय के सभागार में कर्मियों के साथ बैठक की. इस बैठक में ग्रामीणों के बीच कोविड-19 वैक्सीनेशन दिए जाने को लेकर चर्चा की. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि हरेक पंचायत में 150 व्यक्तियों का वैक्सीनेशन करने का लक्ष्य रखा गया है, जो कि 3 स्तर में 20,21,23,24,26,27 मार्च विभिन्न पंचायतों में दिया जाएगा. कहा कि 20-21 मार्च को प्रखंड के 9 पंचायतों में 7 स्थल चयनित किए गए हैं जहां वैक्सीनेशन किया जाएगा और 3 एंबुलेंस भी रहेंगे. भीड़- भाड़ की स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा गार्ड को स्थल पर रहेगें और संबंधित पंचायत के पंचायत सचिव चयनित स्थल में मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात रहेंगे. इसके अलावा हर स्थल पर मोबिलाइजर, पर्यवेक्षक, मेडिकल ऑफिसर सहित नोडल पदाधिकारी रहेगें.
23 से 24 मार्च 2021 के बीच कुल 8 पंचायतों के लिए 6 स्थल को चयनित किया गया है और 26 से 27 मार्च के बीच 5 पंचायतों में 5 स्थलों का चयन किया गया है.
प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा इस दौरान बताया गया कि पंचायतों में निर्धारित तिथि से पूर्व मोबिलाइजर द्वारा टीकाकरण के लिए जागरूक किए जाने का कार्य किया जाएगा. विशेष रूप से 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति और 45 से 59 वर्ष के बीच के वे व्यक्ति जो कि किसी बीमारी जैसे कि शुगर ,हृदय रोग ,कैंसर इत्यादि से जूझ रहे हो ऐसे व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जाएगी. वैक्सीनेशन के लिए वोटर कार्ड ,पैन कार्ड ,आधार ,में से किसी एक आईडी के साथ मोबाइल नंबर दिया जाना अनिवार्य है. इस दौरान अंचलाधिकरी द्वारा प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि निर्धारित तिथि से पूर्व प्रतिनियुक्त कर्मियों को महत्वपूर्ण जानकारियां और निर्देशों से अवगत करा दिया जाए. इस दौरान नव नियुक्त परीक्ष्यमन उपसमाहर्ता चंचला कुमारी, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी शंकर टुडू, आपूर्ति पदाधिकारी आनंद कुमार शर्मा, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी केशव प्रसाद,जेएसएलपीएस के को-ऑर्डिनेटर सहित महिला पर्यवेक्षिका समेत अन्य उपस्थित थे.




