
आदित्यपुर : सरायकेला जिले के आदित्यपुर- 2 स्थित 111 सेव लाइफ अस्पताल के प्रबंधक डॉ ओपी आनंद की किसी भी क्षण गिरफ्तारी हो सकती है. हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मीडिया सूत्रों के अनुसार गम्हरिया प्रखंड कार्यालय परिसर में जिले के तमाम आला अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी कैंप कर रहे हैं. साथ ही भारी संख्या में जवानों की भी जुटान हो रही है. सूत्रों के अनुसार किसी भी क्षण 111 सेव लाइफ अस्पताल के लिए टीम कूच कर सकती है. संभावना जतायी जा रही है कि 111सेव लाइफ अस्पताल को जिला प्रशासन सील कर सकती है साथ ही डॉक्टर आनंद को गिरफ्तार कर सकती है. उनपर आरआईटी थाने में कई मामले दर्ज हैं. बीते शनिवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी और कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज में लापरवाही का उन पर आरोप है. इसके अलावा अस्पताल के जमीन पर भी सवाल उठ रहे हैं. हालांकि अभी इस मामले पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा. सभी की निगाह प्रशासन के अगले कदम की ओर है.




