
जमशेदपुरः जमशेदपुर के टाटानगर स्टेशन में जांच के दौरान 36 बोतल अवैध शराब बरामद किया गया है. हालांकि इसकी तस्करी करने वाला पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. आरपीएफ ने शराब की बोतलों को जब्त कर आबकारी विभाग को सूचना दे दी है. आबकारी विभाग शराब को जब्त कर अपने साथ ले जायेंगे. मामले की जानकारी देते हुए टाटानगर आरपीएफ के उपनिरीक्षक ललित कुमार ने बताया कि सुबह लगभग 5 बजे एक व्यक्ति बैग लेकर स्टेशन परिसर के अंदर बिना बैग चेक कराए जा रहा था. वहां चेकिंग प्वाइंट में मौजूद महिला पुलिसकर्मी ने उन्हें बैग चेक करवाने को कहा. वह व्यक्ति बैग को मशीन में रखकर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया. इधर जब बैग मशीन में स्कैन हुई तो उसमे से 36 बोतल अवैध शराब बरामद की गई. उन्होंने बताया कि इस वक्त तीन ट्रेन टाटानगर से होकर जाने वाली थी जिसमे बिहार की ओर जाने वाली ट्रेन भी शामिल है. चूंकि बिहार में शराब बंदी है इसलिए यह आशंका है कि वह शराब को लेकर बिहार ही जा रहा था.



