जमशेदपुर : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को लौहनगरी जमशेदपुर के विभिन्न नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. अहले सुबह से ही स्वर्णरेखा और खरकई नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था. सुबह होते-होते घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों में स्नान कर भगवान विष्णु और भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. (नीचे भी पढ़ें)

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शहर के विभिन्न नदी घाटों पर स्नान, ध्यान, पूजा-पाठ और दान-पुण्य का सिलसिला चलता रहा. श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और अन्य सामग्री का दान किया. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदी में स्नान और दान करने का विशेष महत्व है. इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बुजुर्ग श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे. पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा. (नीचे भी पढ़ें)

इस पावन अवसर पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी सोनारी स्थित स्वर्णरेखा और खरकई नदी के दोमुहानी संगम पहुंचे. उन्होंने दोनों नदियों के पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाई और धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया. कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर दोमुहानी संगम पर भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली.















