
जमशेदपुरः झारखंड के निजी विद्यालयों की मनमानी वैश्विक महामारी के दौर में जारी है. आपको बता दें केंद्र सरकार और राज्य सरकारों की ओर से निजी स्कूलों के मामले में स्पष्ट निर्देश नहीं दिया गया है, जिसके चलते निजी स्कूल प्रबंधन अभिभावकों पर दबाव बनाकर जबरन फीस वसूली करने को लेकर हर दिन नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं. इस साल भी कोरोना महामारी का दौर जारी है. स्कूलों में पठन-पाठन बंद हैं. उधर जमशेदपुर के कई निजी स्कूलों ने अपने स्कूल के फीस में 10 फ़ीसदी का इजाफा कर दिया है. इसको लेकर शिक्षा विभाग ने कई स्कूलों को शो- कॉज जारी किया है. सोनारी के खूंटाडीह आरएमएस स्कूल प्रबंधन द्वारा भी स्कूल फीस में 10 फ़ीसदी का इजाफा किया गया है. इसको लेकर अभिभावकों में आक्रोश देखा गया. अभिभावकों ने खास अभिभावकों संग बैठक कर फीस बढ़ाने का निर्णय लिए जाने का आरोप स्कूल प्रबंधन पर लगाते हुए इसे प्रबंधन की मनमानी बताया. इसको लेकर अभिभावकों ने जिला शिक्षा अधीक्षक से मुलाकात कर फीस बढ़ोतरी अविलंब वापस लिए जाने की मांग की.वहीं विद्यालय प्रबंधन की ओर से अभिभावकों को ऐसे मामलों पर स्कूल में एक- एक कर आकर अपनी परेशानी बताने का निर्देश दिया. प्रबंधन की ओर से कहा गया कि पिछले 5 सालों से किसी तरह का कोई फीस बढ़ोतरी नहीं किया गया है. सीबीएसई नॉर्म्स के अनुसार ऐसा किया जा रहा है, ताकि स्कूल की व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे.



