
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्थित श्रीश्री हनुमान मंदिर का मामला उलझता ही जा रहा है. रविवार को इस मामले को लेकर सर्किट हाउस में एक पक्ष की ओर से एक प्रेस वार्ता की गयी. इसमें अप्पू तिवारी ने कहा कि हर दिन यह खबर प्रकाश में आती है कि मंदिर का निर्माण कार्य विधायक सरयू राय और उनके समर्थकों द्वारा कराया गया है. अगर मंदिर निर्माण उनके द्वारा कराया गया है तो वे इसका पुख्ता प्रमाण दें, अन्यथा मिथ्या खबर देना बंद करें. इस दौरान उन्होंने संवाददाताओं के समक्ष मंदिर से संबंधित कागजात प्रस्तुत किये. साथ ही कहा कि सरयू राय ने उन्हें फोन कर कहा है कि अब मंदिर कार्य वे लोग करवाएंगे. अप्पू तिवारी ने इस मामले को लेकर सरयू राय द्वारा मंदिर कमेटी को रघुवर गुट का नाम देकर शहर के माहौल खराब करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि राकेश साहू और सुरेंद्र शर्मा कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी हैं और अप्पू तिवारी (स्वयं) आजसू के जिला प्रवक्ता हैं, वही सोनू सिंह झामुमो नेता हैं. हरीश राव सरयू राय के समर्थक रहे हैं और चिंटू सिंह हिन्दूवादी नेता हैं. उन्होंने विधायक सरयू राय पर आपसी विद्वेष पैदा करने का आरोप लगाया. साथ ही कहा कि प्रशासन से अनुरोध है कि मंदिर निर्माण कार्य करवाने दें, नहीं तो वे लोग खुद निर्माण कार्य शुरू कर देंगे. सरयू राय व उनके समर्थकों ने यदि एक भी ईंट लगायी है तो प्रमाण दें. दूसरी तरफ स्थानीय की परिभाषा क्या होती है इसे भी स्पष्ट करें. 250 से ज्यादा लोगों ने सहमति देकर मंदिर निर्माण समिति के पक्ष में निर्माण कराने और सहयोग करने के लिए आश्वस्त किया है. उन्होंने जिला प्रशासन पर विधायक सरयू राय के इशारों पर कार्य करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर सरयू राय चाहते हैं कि मंदिर कमेटी के लोग जेल जायें, हम तैयार हैं. हमलोग उस मन्दिर के लिये बलिदान देने को भी तैयार हैं.





