
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के बाला सर्विस सेंटर के समीप एनएच-49 पर रविवार को कोलकाता से जमशेदपुर की ओर जा रही कार (डब्लूबी-02एके 8274) को विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक (ओडी 04 एल 5176) ने जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में कार चालक अर्णव कोनार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार उक्त कार सवार कोलकाता से जमशेदपुर किसी रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. घटना की सूचना पाकर स्थानीय लोगों ने तत्काल बहरागोड़ा पुलिस को सूचना दी और 108 एम्बुलेंस को बुलाकर घायलों को उपचार के लिए बहरागोड़ा सीएचसी पहुंचाया गया. थाना प्रभारी कुमार सौरभ और इंस्पेक्टर आर मुर्मू ने घटनास्थल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और काफी मशक्कत के पश्चात कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. (नीचे भी पढ़ें)

कार पर सवार महिला के पति व चालक अर्णब कोनार 35, पत्नी पारस्वति घोष 31 और पुत्र अंजनिस्नू कोनार 5 को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाल कर उपचार के लिए बहरागोड़ा सीएचसी में लाकर भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर प्रिंस पिंगुआ ने प्राथमिक उपचार कर चालक अर्णब कोनार को मृत घोषित कर दिया और पत्नी पारस्वती घोष के चेहरे और दोनों हाथों पर चोट लगने के कारण प्राथमिक उपचार किया. वहीं अंजनिस्नू कोनार की छाती पर गंभीर चोट लगने के कारण बेहतर उपचार के लिए जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल रेफर कर दिया है. घटना के बाद मौका देख ट्रक चालक और खलासी ट्रक छोड़कर भाग निकले. पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल घाटशिला भेज दिया है.






