
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने सोमवार को केंद्रीय श्रम राज्य मंत्री रामेश्वर तेली से मुलाकात कर उन्हें आदित्यपुर और जमशेदपुर के इएसआई अस्पताल के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा. उनसे 200 बेड का एक अतिरिक्त अस्पताल बनाने की मांग की. सांसद श्री महतो ने कहा कि इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में आइपी होल्डर निवास करते हैं. उनके लिए वर्तमान का अस्पताल पर्याप्त नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में आदित्यपुर स्थित अस्पताल का विस्तारीकरण का काम बहुत ही धीमी गति से चल रहा है. उन्होंने मंत्री से अनुरोध किया कि वे स्वयं जमशेदपुर आए और इन सारी चीजों का जायजा लें. सांसद श्री महतो ने श्री तेली से यह भी कहा कि पूर्व की भांति इएसआइ अस्पताल से मरीजों का केंद्र रेफरल को पुनः बहाल किया जाए. उल्लेखनीय है कि विशेषज्ञ सेवाओं के लिए अब रेफरल की सुविधा को लगभग समाप्त कर दिया गया है. केंद्रीय मंत्री ने सांसद श्री महतो की प्रत्येक बातों को गंभीरतापूर्वक सुना और कहा कि वे स्वयं जमशेदपुर आएंगे और इन सभी चीजों का विस्तृत आकलन करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि यदि इतनी बड़ी तादाद में इंश्योरेंस पॉलिसी होल्डर वहां पर रहते हैं तो निश्चित रूप से इएसआइसी के नए अस्पताल की संभावनाओं को तलाशा जाएगा. साथ ही उन्होंने कहा कि वे अपने पदाधिकारियों को यह पता करने को कह रहे हैं कि किन परिस्थितियों में विशेषज्ञ सेवाओं का रेफरल को स्थगित किया गया है.





