
रांची : झारखंड कैबिनेट की बैठक गुरुवार को बुलायी गयी है. रांची के प्रोजेक्ट भवन सभागार में शाम 4 बजे से यह बैठक होगी, जिसमें सारे मंत्रियों को हाजिर रहने को कहा गया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में पंचायत चुनाव को लेकर भी कुछ प्रस्ताव लाया जा सकता है क्योंकि भारत सरकार ने कई सारे नियमों को लागू करने की हिदायत दी है. इसके अलावा राज्य के कई सड़कों को बनाये जाने को लेकर भी सहमति ली जा सकती है. इसको मंजूरी दी जायेगी. ओबीसी आरक्षण और भाषा को लेकर चल रहे विवाद के बीच बड़ा फैसला लिया जा सकता है, जिसमें विभिन्न जिलों से भोजपुरी और मगही भाषा को बाहर किया जा सकता है. ओबीसी आरक्षण को लेकर भी इस मीटिंग में विस्तार से चर्चा की जायेगी. कैबिनेट की बैठक में राजधानी रांची के सिरमटोली से डोरंडा, एडी मोड़ तक के फ्लाइओवर का निर्माण से लेकर कई सारी सड़कों को नये सिरे से बनाने को मंजूरी दी जायेगी. ठेकेदारों के काम में एससी और एसटी और ओबीसी को आरक्षण देने और निबंधन शुल्क में भी छूट देने संबंधी प्रस्ताव पर चर्चा कर फैसला सरकार ले सकती है. इसके अलावा कई अन्य विभागों की योजनाओं, नीतियों और नियमावलियों को भी मंजूरी दी जायेगी. वैसे सूत्र बता रहे है कि कैबिनेट की बैठक के बाद आपदा प्रबंधन प्राधिकार की भी बैठक हो सकती है, जिसमें बचे हुए 7 जिलों में स्कूलों को खोलने पर विचार किया जा सकता है क्योंकि केंद्र सरकार ने यह कहा है कि जहां कोरोना का संक्रमण दर 5 फीसदी से कम है, वहां स्कूलों को खोलने को कहा गया है. जमशेदपुर समेत सात जिलों में स्कूल 22 माह से बंद है. पिछली बार की बैठक में कक्षा 1 से लेकर सभी स्कूल और कॉलेजों को 17 जिलों में खोल दिया गया था, लेकिन इन सात जिलों में स्कूलों को बंद रखा गया था. अभी राज्य में रांची, जमशेदपुर, बोकारो, चतरा, देवघर और सरायकेला-खरसावां जिले के अलावा सिमडेगा में कक्षा 1 से लेकर कक्षा 8 तक के क्लास नहीं चल रहे है. इन सात जिलों में कक्षा 9 से ऊपर के स्कूल और कॉलेजों को खोला गया है. झारखंड के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किये गये रिपोर्ट के मुताबिक, रांची में 1.02 फीसदी संक्रमण दर है जबकि जमशेदपुर का संक्रमण दर 3.13 फीसदी तक पहुंच चुका है जबकि सरायकेला-खरसावां जिले के 0.14 फीसदी संक्रमण दर है. सिमडेगा में 3.19 फीसदी संक्रमण दर है जबकि बोकारो का 0.58 फीसदी और चतरा का 0.60 फीदी हो चुका है. देवघर जिले का संक्रमण दर 0.40 फीसदी हो चुका है. साप्ताहिक संक्रमण दर को लेकर जारी रिपोर्ट मेंन भी यह बताया गया है कि 24 से 30 जनवरी और 10 से 16 जनवरी के मुकाबले संक्रमण का दर काफी कम हो चुका है. ऐसे में इन जिलों में अब सारी परिस्थितियां है, जहां स्कूलों को खोला जा सकता है. रात 8 बजे तक की पाबंदी पर भी फैसला सरकार ले सकती है. हालांकि, आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक गुरुवार को होगी या नहीं, इसको लेकर कोई भी अधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है. लेकिन इस पर भी फैसला लेने का डिमांड बढ़ता नजर आ रहा है.




