
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे बोड़ाम थाना अंतर्गत केंदडीह में एक मिनी ट्रक ने सामने से बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक ट्रक को लेकर मौके से फरार हो गया. इधर मौके से गुजर रहे एक कार वाले ने दोनों को इलाज के लिए तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान कपाली के गौसनगर निवासी शकील के रूप में की गई है, जबकि शकील के साथी सद्दाम को गंभीर चोटें आई हैं. सद्दाम का एक हाथ टूट गया है. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की सूचना दोनों के परिजनों को भी दी गई. जिसके बाद दोनों के परिजन एमजीएम अस्पताल पहुंचे. मृतक शकिल अपने घर का इकलौता चिराग था और वह पुट्टी मिस्त्री का काम करता था, जबकि सद्दाम मेकैनिक का काम करता है. सद्दाम ने बताया कि शकील की शादी तय हो गई थी. जिस लड़की से उसकी शादी होनी थी वह उसी से मिलने पश्चिम बंगाल के हरपालडीह जा रहा था. रास्ते में ही एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए. परिजनों ने चेतावनी दी है कि अगर उन्हें मुआवजा नहीं दिया गया तो वे लोग मानगो पुल जाम कर देंगे.





