जमशेदपुर : क्रीड़ा भारती पूर्वी सिंहभूम ने कहा है कि एग्रिको मैदान का उपयोग खेल और खेल से कार्यक्रमों के लिए होना चाहिए. इस मैदान में वैवाहिक, धार्मिक और अन्य कार्यक्रमों की अनुमति नहीं देनी चाहिए. इस मांग को लेकर संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी से मिला. इस दौरान संगठन की ओर से अनुमंडल पदाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में उक्त मांग को दोहराते हुए कहा गया है कि नगर में एग्रिको मैदान ही एक ऐसी जगह है, जहां पर आम आदमी स्वास्थ्य लाभ के लिए कभी भी पहुंच सकते हैं. यहां पर बहुत सी छोटी-छोटी संस्थाएं खेलकूद का कार्यक्रम नित्य रूप से करती रहती हैं. मैदान में बच्चे और बच्चियां आर्मी और पुलिस बहाली की तैयारी भी करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
संगठन की ओर से ज्ञापन में कहा गया है कि वैवाहिक, धार्मिक और अन्य कार्यक्रम होने से मैदान की स्थिति और भी खराब हुए जा रहा है, जिस कारण खिलाड़ियों को चोट लगने की संभावना बढ़ जाती है. इस तरह के कार्यक्रम से मैदान कुछ दिनों के लिए खेलने लायक नहीं रहता है. मैदान में कूड़ा-कचरा भी बिखरा रहता हैं, जो बहुत से बीमारियों का कारण बन सकता है. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व क्रीड़ा भारती पूर्वी सिंहभूम के अध्यक्ष शिव शंकर सिंह ने किया. इसमें प्रांत मंत्री राजीव कुमार, सह मंत्री सतनाम सिंह, सह मंत्री सुभाष कुमार, प्रांत कार्यालय प्रमुख झेन चौधरी, नंदकिशोर रॉय, सुमित कुमार, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत कुमार, दीन दयाल सेवा संस्थान से शशिकांत, नवीन कुमार, भूपेंद्र यादव, गणेश जायसवाल एवं खेल व समाज से जुड़े लोग शामिल थे.



