जमशेदपुर : पोटका प्रखंड अंतर्गत बांगो पोस्टऑफिस से चमाईजुड़ी तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को पोटका प्रखंड कार्यालय का घेराव किया. भाजमो नेता विकास कुमार के नेतृत्व में प्रखंड कार्यालय पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी मांग के समर्थन में एक ज्ञापन सौंपा. (नीचे भी पढ़ें)

भाजमो नेता ने बताया कि यह सड़क एवं पुलिया क्षेत्र के कई गांवों के लोगों के लिए शहर पहुंचने का एकमात्र जरिया है. यह सड़क बन जाने से क्षेत्र के बहुत से लोग शहर जाकर जीविकोपार्जन कर पाएंगे. पुलिया और सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीण बच्चे स्कूल नहीं जा पाते तो मरीजों को अस्पताल जाने में भी भारी कठिनाई होती है. विक्की कुमार ने बताया कि वर्ष 2019 के विस चुनाव में ग्रामीणों ने इस मांग को लेकर कड़ा संघर्ष करते हुए वोट बहिष्कार करने की चेतावनी भी दी थी. उस समय पोटका बीडीओ ने उन्हें सड़क बनवाने का लिखित आश्वासन दिया था कि सरकार बनते ही यह कार्य हो जाएगा, किंतु इस सड़क की आज भी वही स्थिति है. भाजमो नेता विक्की कुमार ने उनकी मागें पूरी नहीं होने पर वृहत् आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी.(नीचे भी पढ़ें)
उधर बीडीओ ने भाजमो नेताओं को उनकी मांग के अनुरूप कार्य कराने के लिए शीघ्र ही सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया. इस दौरान मुख्य रूप से सुरेश गोप, निरंजन सरदार, कन्हाई गोप, अनिरुद्ध गोप, अमित गोप, अलका गोप, पिंकी गोप, बासु गोप, रुद्र गोप, मिनलाला गोप, दीपक गोप, राधिका गोप, परितोष गोप, मोनिका गोप, सुनीता गोप, गुणाधर गोप, छोटू सरदार, निमाई चंद्र गोप, कार्तिक गोप सहित अन्य लोग उपस्थित थे.




