अन्नी अमृता, जमशेदपुर/ पोटका : भीषण गर्मी का प्रकोप पूर्वी सिंहभूम जिले में देखने को मिल रहा है, जहां तापमान चालीस डिग्री को पार कर चुका है. वहीं जिले के पोटका क्षेत्र में सौर ऊर्जा से संचालित कई लघु जलमीनारें महीनों से खराब हैं. पूर्व जिला पार्षद करुणामय मंडल और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इसकी सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी निखिल कच्छप को दी गयी है लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई है. पोटका के पूर्व जिलापार्षद करुणा मय मंडल ने व्यव्यस्था पर सवाल उठाते हुये बोले ये कैसी विडंबना है कि जनता पेयजल के लिये त्राहिमाम कर रही है और सरकारी अफसर और जनप्रतिनिधि सब चुप हैं. पूर्व पार्षद श्री मंडल ने कहा कि जनहित को लेकर जलमीनारों की सूची लेकर वे ग्रामीणों संग उपायुक्त से मिलकर इसकी शिकायत करेंगे. सूची के जहां लघु जलमीनारें खराब हैं वो तेंतला गांव गितिलता के नीचे टोला स्थित हरि मंदिर के सामने वाला, तूड़ी गांव के सरत माहतो के घर सामने वाला, आसनबनी
ग्राम पंचायत का तिलामुड़ा गांव स्थित किंकर कुमार गिरी के घर सामने वाला, तिलामुड़ा गांव स्थित राधू माझी के घर सामने वाले गांवों में जलमीनार खराब है. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों ने बताया कि उपरोक्त वर्णित चारों सौर ऊर्जा संचालित लघु जलमीनारें महीनों पूर्व से ही खराब पड़ी हुई हैं जिसकी सूचना पंचायत से लेकर प्रखंड तक दिये जाने के बावजूद अभी तक ठीक नहीं किया गया. इस कारण ग्रामीण पेयजल को लेकर परेशान हैं. वहीं पोटका के बीडीओ निखिल कच्छप ने शार्प भारत की तरफ से इस संबंध में पूछने पर बताया कि मंगलवार को ही पंचायत सेवकों और मुखियाओं की बैठक बुलाई गयी है और जल्द ही समस्या को सुलझा लिया जाएगा. बीडीओ ने कहा कि उनके पास सभी खराब जलमीनारों की सूची आ गयी है और सबकी मरम्मत का कार्य करवा दिया जाएगा. वहीं ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि गर्मी आने के दो महीने बीत जाने के बावजूद अब तक जलमीनार ठीक नहीं किया गया जबकि लगातार वे लोग शिकायत कर रहे हैं.





