जमशेदपुर : पिता की डांट खाकर नाराज होकर मानगो के जवाहरनगर स्थित घर से बीते सोमवार को निकला किशोर हितेश कुमार गुप्ता का शव अंतत: कुछ घंटे बाद ही साकची थाना क्षेत्र के स्वर्णरेखा नदी के चेक डैम में फंसा मिला. हालांकि शव की शिनाख्त सोमवार को नहीं हो पाई थी. मंगलवार को परिजनों ने शिनाख्त की. मानगो थाना प्रभारी ने शार्प भारत को फोन पर इसकी सूचना दी. (नीचे भी पढ़ें)
क्या था मामला- मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-15 का रहनेवाला और विकास विद्यालय के दसवीं का छात्र हितेश कुमार गुप्ता सोमवार को घर से नाराज होकर निकल गया था, जिसके बाद उसके पिता रमेश प्रसाद गुप्ता ने मानगो थाना में बेटे के लापता होने की सूचना दी थी.
मानगो थाना प्रभारी ने शार्प भारत से बातचीत में बताया कि लापता छात्र कोविड के समय के बाद से ही डिप्रेशन में था. दसवीं की परीक्षा के बाद से क्रिकेट एकेडमी में दाखिला को लेकर पिता से झगडा हो गया था. (नीचे भी पढ़ें)
मानगो पुलिस ने किशोर के संबंध में सूचना मिलते ही खोजबीन शुरु कर दी थी. लापता किशोर की फोटो सोशल मीडिया में भी प्रेषित की गयी थी. इसी बीच साकची स्वर्णरेखा नदी के चेक डैम पर एक शव फंसा मिला जिसकी सूचना साकची थाने को दी गयी. सूचना के बाद साकची पुलिस ने शव को कब्जे में किया और शवदाह गृह में रखवा दिया. इस बात की खबर मिलते ही मानगो पुलिस ने लापता किशोर के पिता को सूचित किया. बीती रात परिजन शव की शिनाख्त ठीक से नहीं कर पाए. सुबह उनलोगों ने शव की शिनाख्त की.




