देवघर : देवघर श्रावणी मेला – 2023 के चौथे दिन प्रातः 04:04 बजे मंदिर के पट खुलते ही जलार्पण के लिए कांवरियों का हुजूम उमड़ पड़ा. कतारबद्ध कांवरियों ने मंदिर में प्रवेश कर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करना शुरू कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि शुक्रवार तड़के ही श्रद्धालु कांवरियों की कतार बाबा मंदिर के पास से क्यू कॉम्प्लेक्स होते हुए शिवराम झा चौक तक पहुंच गई थी. मंदिर के पट खुलते ही कांवरियों ने मंदिर पहुंच कर बाबा बैद्यनाथ को जलार्पण कर अपनी श्रद्धा निवादेत करना शुरू कर दिया. इन शिवभक्तों के बोल बम के नारों से पूरा रूट लाइन गुंजायमान है. सभी कांवरिया कतारबद्ध होकर बाबा का जयघोष करते हुए निरंतर बाबा मंदिर की ओर आगे बढ़े चले आ रहे हैं.(नीचे भी पढ़ें)

दूसरी तरफ रूट लाइन के हर प्वाइंट पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. इसके अलावा जलार्पण के लिए कतारबद्ध कांवरियों को नेहरू पार्क, क्यू कॉम्प्लेक्स से मानसिंघी फुट ओवरब्रिज होते हुए बाबा मंदिर के गर्भ गृह में लगे अरघा से जलार्पण कराया जा रहा है. बताते चलें कि इन दिनों पूरा देवघर कांवरियों से अटा हुआ है. जिधर नजर जाती है, गेरुआ वस्त्रधारी कांवरिया ही नजर आते हैं, किन्तु पुलिस एवं प्रशासन की सतत चौकसी के कारण पूरा मेला सुचारू रूप से चल रहा है.



