जमशेदपुर : जमशेदपुर की बिजली को महंगा करने के लिए टाटा स्टील की ओर से दिये गये प्रस्ताव को लेकर झारखंड राज्य नियामक आयोग (जेएसइआरसी) ने जनसुनवाई की. जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स भवन में हुई जनसुनवाई के दौरान लोगों ने बिजली की नयी दरों का जोरदार विरोध किया. स्थानीय लोगों, उद्योगपतियों और कारोबारियों ने मिलकर इसका विरोध किया. इसको लेकर कई सारे तर्क भी दिये गये और कहा गया कि दिसंबर 2022 में करीब सात माह पहले ही इसको मंजूरी दी गयी थी और फिर से बिजली को महंगा करना गलत है. इस पर विस्तार से चर्चा किया जाना चाहिए. इस पर टाटा स्टील की ओर से दलील दी गयी कि चूंकि, बिजली की खरीद बिक्री में काफी ज्यादा खर्च आ रहा है. इस कारण इस खर्च को मेंटेनेंस के लिए यह कदम उठाना जरूरी है. (नीचे भी पढ़ें)

झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के चेयरमैन अमिताभ कुमार गुप्ता, सदस्य टेक्निकल अतुल कुमार और सदस्य लॉ महेंद्र प्रसाद ने सभी की बातों को सुना. इन लोगों ने कहा कि टाटा स्टील की बिजली अच्छी तो है. लेकिन जनभावना के अनुरुप वे लोग फैसला लेंगे. 45 दिनों के भीतर इस मामले में इन लोगों ने फैसला सुनाने की बात कहीं. इस दौरान टाटा स्टील से टाटा लीज की शर्तों का अनुपालन कराने की मांग की गयी ताकि लोगों को बेहतर लाभ मिल सके. इसको लेकर अलग से आयोग ने दस्तावेज की मांग की. लोगों से आयोग ने अपील की है कि दस दिनों के भीतर अगर कोई चाहे तो लिखित तौर पर भी इस पर आपत्ति जता सकता है. इसके बाद फैसला सुनाया जायेगा.



