रांची : खूंटी जिले की पुलिस ने पीएलएफआइ प्रमुख दिनेश गोप के फरार चल रहे सहयोगी नीलांबर गोप को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा, 38 जिंदा कारतूस, एक लाख रुपये नगद, लेथ मशीन, पीएलएफआई के पर्चे एवं रसीद आदि बरामद किये हैं. विगत कई वर्षों से फरार चल रहे नीलांबर गोप के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. तोरपा के पुलिस उपाधीक्षक ओपी तिवारी ने बताया कि नीलांबर गोप जेल में बंद पीएलएफआइ प्रमुख दिनेश गोप का निकट सहयोगी है.(नीचे भी पढ़े)

उन्होंने बताया कि जिले के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि फरार चल रहा नीलांबर गोफ फिलहाल अपने सहयोगियों के साथ रनिया थाना क्षेत्र के जंगलों में मौजूद है. इसके बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित विशेष पुलिस दल ने अभियान चलाकर नीलांबर गोप को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक देसी कट्टा एवं दो कारतूस बरामद हुए थे, जबकि बाद में उससे पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर अन्य सामानों की बरामदगी हुई. पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.














