देवघर : देवघर श्रावणी मेले में श्रावण की दूसरी सोमवारी को बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. अन्य दिनों की तुलना में आज बहुत अधिक संख्या में कांवरिया बाबा मंदिर पहुंच रहे हैं. जिला प्रशासन ने इसके मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए देवघर में एनडीआरएफ टीम की प्रतिनियुक्ति की है, ताकि किसी आपदा की स्थिति में लोगों का तुरत बचाव किया जा सके. इसके लिए एनडीआरएफ की टीम को शिवगंगा एवं बाबा मंदिर सहित कई स्थानों पर तैनात किया गया है. साथ ही, इसके अलावा श्रद्धालुओं की सेवा के लिए एनडीआरएफ की मेडिकल टीम भी मंदिर में तैनात की गई है. (नीचे भी पढ़ें)

शिवगंगा में निश्चिंत होकर लगाएं डुबकी
इसके अलावा दूसरी सोमवारी के अवसर पर कांवरियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर इंस्पेक्टर के साथ एनडीआरएफ की टीम शिवगंगा से लेकर मंदिर क्षेत्र में किसी भी आपदा से निपटने के लिए प्रतिनियुक्त की गई है. साथ ही, शिवगंगा में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ होती है और पानी गहरा होने के कारण अप्रिय घटना होने की आशंका बनी रहती है. ऐसे में एनडीआरएफ की टीम मोटरबोट के माध्यम से पूरे शिवगंगा सरोवर की 24×7 मॉनिटरिंग कर श्रद्धालुओं को सुरक्षा प्रदान कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)

एनडीआरएफ की टीम अत्याधुनिक उपकरणों से लैस
श्रावणी मेले में तैनात एनडीआरएफ की टीम के जवानों को अत्याधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है. टीम में नई रबर की नौका, 40 लाइफ जैकट, गोताखोरों की टीम, मेडिकल किट एवं अन्य उपकरणों के साथ अपने-अपने चिह्नित स्थल पर प्रतिनियुक्त हैं. इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए एनडीआरएफ के चिकित्सक, पारामेडिकल टीम, नर्सिंग असिस्टेंट को भी तैनात किया गया है जो श्रद्धालुओं की सेवा व सहयोग में पूर्ण रूप से सक्रिय होकर कार्य कर रही हैं.














