चक्रधरपुर/रामगोपाल जेना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजधानी दिल्ली स्थित प्रगति मैदान के भारत मंडपम में अखिल भारतीय शिक्षा समागम का उद्घाटन किया. इसका सीधा प्रसारण चक्रधरपुर के केंद्रीय विद्यालय में किया गया. इसमें स्कूल के सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम के बाद स्कूल के प्राचार्या एम तिग्गा ने कहा कि अखिल भारतीय शिक्षा समागम का आयोजन राष्ट्रीय शिक्षा नीति के शुभारंभ की तीसरी वर्षगांठ के मौके पर हो रहा है. शिक्षा समागम में नरेंद्र मोदी ने कहा कि स्कूल के छात्र राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की परिकल्पना के मुताबिक एक समतापूर्ण, समावेशी और बहुलवादी समाज के निर्माण में शामिल होने के साथ ही काबिल और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले नागरिक बनें. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही उन्होंने कहा कि इस शिक्षा नीति पारंपरिक ज्ञान प्रणाली और भविष्य की तकनीक, दोनों ही पहलुओं को समान महत्व देती है. पीएम मोदी ने विद्या के लिए विमर्श और शिक्षा के लिए संवाद जरूरी होने की बात कही. उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े समस्त विभुतियों को इस क्षेत्र का प्रतिनिधि एवं ध्वजवाहक की संज्ञा दी. इस अवसर पर मोदी ने पीएम श्री योजना के तहत स्कूलों के लिए धनराशि की पहली किस्त जारी की एवं शिक्षा और कौशल पाठ्यक्रम की 12 भारतीय भाषाओं में अनुवाद की गई किताबों का विमोचन भी किया.



