चाकुलिया : धालभूमगढ़ से बेंद सड़क मरम्मत कार्य कर रहें संवेदक की लापरवाही के कारण इन दिनों चाकुलिया के पुराना बाजार स्थित बिरसा चौक से मिस्त्रीपाड़ा पेट्रोल पंप तक सड़क दलदल में तब्दील हो गया है. सड़क मरम्मत कार्य पूर्ण नहीं होने के कारण सड़क पर कीचड़ जम गया है. जिस कारण ग्रामीणों को सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. साथ ही सड़क किनारे बने घरों के लोगों को घर से बाहर निकलने में भी मुश्किल हो रही है. इससे लोगों में काफी आक्रोश है. लोगों की समस्या से अवगत होकर विधायक समीर महंती योजना स्थल पहुंचकर वस्तुस्थिति से अवगत हुए और ग्रामीणों के साथ बैठक की. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने के कारण हो रही समस्या से अवगत कराया. इस पर विधायक महंती ने विभाग के पदाधिकारी और संवेदक से दूरभाष पर बात कर जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कर पूर्ण करने की बात कही. विधायक ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि संवेदक द्वारा सड़क निर्माण शुरू करने के पश्चात ही बारिश होने के कारण ऐसी परिस्थिति उत्पन्न हुआ है, जिसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं. उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि जल्द ही सड़क को दुरुस्त कर दिया जाएगा. जिससे लोगों को आवागमन करने में सहूलियत होगा. मौके पर अनिल मिश्रा,मुन्ना सिंह,भोला सिंह,मुन्ना मिश्रा,अभिषेक मिश्रा,गौतम दास,राकेश महंती,राहुल महतो,अंशु मिश्रा,गणेश दत्त,पिटला दास,मिथुन कर,राजेश नमाता समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.



