
डुमरी : झारखंड के डुमरी विधानसभा में होने वाले उपचुनाव को लेकर तैयारी तेज कर दी गयी है. 5 सितंबर को यहां उपचुनाव होना है. आपको बता दें कि यह सीट शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के निधन के बाद खाली हुई है. इस सीट से इंडिया यानी झामुमो, कांग्रेस, राजद की समर्थित प्रत्याशी बेबी देवी को बनाया गया है. बेबी देवी स्वर्गीय जगरनाथ महतो की पत्नी है. वहीं, भाजपा ने अपनी सहयोगी पार्टी आजसू के साथ गठबंधन किया है और इस सीट पर आजसू के प्रत्याशी को ही समर्थन दिया है. आजसू ने यशोदा देवी को यहां प्रत्याशी बनाया है. (नीचे भी पढ़ें)

गुरुवार को दोनों ही प्रत्याशियों ने अपना-अपना नामांकन दाखिल किया. गुरुवार को झामुमो (इंडिया गठबंधन) की प्रत्याशी बेबू देवी का नामांकन किया गया, जिसमें खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, पेयजल स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर, कृषि एवं पशुपालन मंत्री बादल पत्रलेख, विधायक जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह, योगेंद्र महतो, सुदिव्य कुमार सोनू, सरफराज अहमद, माले विधायक बिनोद सिंह समेत अन्य नेता शामिल हुए. इस दौरान झामुमो की ओर से यहां जनसभा को संबोंधित किया गया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यहां अपने भाषण में कहा कि स्वर्गीय जगरनाथ महतो बीमार होने के बावजूद लगातार राज्य की सेवाओं में तत्पर रहते थे. (नीचे भी पढ़ें)

इस कारण उनके सपने को पूरा करने के लिए और स्वर्गीय जगरनाथ महतो को श्रद्धांजलि देने के लिए लोग झामुमो को वोट करें ताकि बेबी देवी उनके सपने को साकार कर सके. आपको बता दें कि बेबी देवी को पहले ही राज्य सरकार ने मंत्री नियुक्त कर दिया है. वहीं, भाजपा समर्थित आजसू प्रत्याशी यशोदा देवी ने भी गुरुवार को ही नामांकन किया. उनके नामांकन में आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो, गिरीडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रवींद्र राय, विधायक रणधीर सिंह, विधायक नारायण दास, भाजपा नेता प्रदीप साहू समेत अन्य लोग शामिल हुए है. आपको बता दें कि यहां का चुनाव 5 सितंबर को होना है जबकि 8 सितंबर को मतों की गिनती होगी.




