सरायकेला: आखिरकार सात साल लंबा इंतजार खत्म हुआ. एडीजे-1 चौधरी एहसान मोइज की अदालत ने आदित्यपुर दिंदली बस्ती निवासी कृष्णा दास हत्याकांड मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए आरोपियों मनोज दास और मनोज मंडल उर्फ बोस्ता मंडल को उम्रकैद की सजा सुनाई है. अदालत ने दोनों दोषियों पर 35 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है.कृष्णा दास की बहन दुर्गा दास ने कहा कि यह फैसला उनके संघर्ष और न्यायपालिका में अटूट भरोसे की जीत है. उन्होंने बताया कि वर्षों तक कोर्ट- कचहरी के चक्कर लगाने पड़े, कई बार उम्मीदें टूटीं, लेकिन हार नहीं मानी. आज भाई के हत्यारों को सजा मिलने से मन को शांति मिली है.(नीचे भी पढ़े)
क्या था मामला: 9 दिसंबर 2018 को कृष्णा दास का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई थी. साक्ष्य छिपाने के लिए शव को उड़ीसा के रायरंगपुर ले जाकर जला दिया गया था. पुलिस ने अधजला शव बरामद किया और 11 दिसंबर 2018 को मृतक की बहन ने आदित्यपुर थाना में मामला दर्ज कराया था.करीब सात साल चली सुनवाई में वादी पक्ष ने 11 गवाह और बचाव पक्ष ने चार गवाह पेश किए. आखिरकार अदालत ने धारा 302, 364/34 और 201/34 आईपीसी के तहत दोनों आरोपियों को दोषी पाया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई.(नीचे भी पढ़े)
न्याय व्यवस्था पर सवाल और सबक:यह मामला एक बार फिर न्यायिक प्रणाली की धीमी गति पर सवाल खड़ा करता है. 2018 में दर्ज हुए इस मामले का फैसला 2025 में आ सका. इतने वर्षों में पीड़ित परिवार ने मानसिक, सामाजिक और आर्थिक तौर पर गहरी चोटें झेली. लेकिन यह भी साफ है कि देर से मिला न्याय भी समाज को यह संदेश देता है कि अपराध कितना भी संगीन क्यों न हो, कानून के शिकंजे से बच पाना नामुमकिन है. मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी कर रहे अपार लोक अभियोजक कपिल देव सामड ने बताया कि फैसले के तहत वादिनी को कंपनसेशन भी दिलाया जाएगा. इसके लिए माननीय अदालत ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार को निर्देश दिए हैं.














