चाकुलिया: एक ओर जहां चाकुलिया नगर पंचायत प्रशासन पक्का घाट तालाब को स्वच्छ बनाने के लिए उसमें उगे जलकुंभी को हटाने का काम जोर-शोर से कर रही है. वहीं दूसरी ओर कुछ असामाजिक तत्व जान बूझकर तालाब में कचरा फेंक रहे हैं. इन हरकतों से प्रशासन की सफाई मुहिम में बाधा आ रही है. प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि वे तालाब को साफ-सुथरा रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं. कर्मचारियों की टीम दिन भर मेहनत कर रही है,ताकि तालाब को उसके पुराने स्वरूप में लौटाया जा सके. (नीचे भी पढ़े)
लेकिन कुछ शरारती तत्व, जो संभवतः इस प्रयास से खुश नहीं हैं, रात के अंधेरे में तालाब में कचरा, प्लास्टिक और अन्य अनुपयोगी वस्तुएं फेंक देते हैं. प्रशासन द्वारा लोगों से भी अपील की गई है कि वे इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखें और ऐसे लोगों की सूचना तुरंत नगर पंचायत प्रशासन को दें. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति तालाब में कचरा फेंकते हुए पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.



