जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने विगत 19 सितंबर को टाटानगर स्टेशन पर ट्रेन से उतरे शुभांकर एवं उसकी गर्लफ्रैंड को मानगो बस स्टैंड ले जाने की बात कर सुन्दरनगर की ओर जंगलों में ले जाकर लूटने के मामले का खुलासा करते हुए उसमें शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उनके पास से प्रेमी युगल के पास से लूटा हुआ मोबाइल फोन, युवती से छीना गया पिट्ठू बैग उसका लेडीज पर्स बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त बजाज कंपनी की टेंपो (जेएच 05 ईए 7665) भी जब्त कर लिया है. पकड़ाये दोनों अपराधियों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है जबकि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि विगत 19 सितंबर को तड़के 4 बजे के करीब गम्हरिया निवासी शुभांकर नामक युवक अपने गर्लफ्रैंड योगिता बोबड़े के साथ टाटानगर स्टेशन पहुंचा था जहां से उसने मानगो बस स्टैंड जाने के लिए एक ऑटो की. किन्तु ऑटो वाला एवं उसके दो दोस्त उन्हें बस स्टैंड ले जाने की बात कर उसके विपरीत, सुन्दरनगर से आगे भूरीडीह रेल फाटक और उससे भी आगे बाईं ओर जंगलों की ओर ले गया. वहां तीनों ने प्रेमी युगल के साथ मारपीट कर एवं चाकू का भय दिखाकर उनके सारे सामान छीन लिये. यही नहीं, विरोध करने पर तीनों ने शुभांकर पर चाकू से हमला कर जख्मी भी कर दिया. इसके बाद शुभांकर एवं उसकी गर्लफ्रैंड योगिता बोबड़े वहां से भाग कर किसी तरह मुख्य मार्ग पर पहुंचे एवं ग्रामीणों की मदद से थाना को सूचित किया. (नीचे भी पढ़ें)
सुन्दरनगर पुलिस ने इस संबंध में युवती योगिता बोबड़े के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान प्राप्त गुप्त सूचनाओं के आधार पर छापामारी कर पुलिस ने मामले में संलिप्त दो अप्राथमिकी अभियुक्तों को दबोच लिया, जिनके पास से पुलिस ने लूटे गये कई सामान भी बरामद कर लिये. पकड़ाये अपराधियों की बागबेड़ा थानांतर्गत गाराबासा गोसाईं मुहल्ला निवासी सचिन महतो (24) एवं उसका साथी हरहरगुट्टू निवासी सोहन गोप (22) के रूप में पहचान की गई है. पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल एक अन्य अपराधी की तलाश अभी जारी है.














