रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन (सेरसा) चक्रधरपुर के तत्वाधान में मंगलवार को 39वां ऑल इंडिया इंटर रेलवे बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप-2025 का शुभारंभ हुआ. चक्रधरपुर रेल मंडल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया ने महात्मा गांधी सभागार में आगामी 10 दिसंबर तक चलने वाले चैंपियनशिप का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया. उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सीनियर डीएमई राजीव रंजन रसिक, वरिष्ठ डीएफएम-सह-खेल अधिकारी हेमंत मधुर, डीएफएम विनय कुमार शर्मा और सेरसा के सचिव तेज नारायण प्रसाद आदि उपस्थित रहे. डीआरएम ने विभिन्न जोनों से आए 78 बॉडी बिल्डरों और 25 से अधिक अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में 55 किलो वर्ग के लिए आयोजित प्रतियोगिता में नॉर्दर्न रेलवे, एसईआर, सेंट्रल रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और दक्षिण मध्य रेलवे के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. इस प्रतियोगिता में सेंट्रल रेलवे, नॉर्दर्न रेलवे, आइसीएफ एवं एसडब्ल्यूआर से निर्णायक शामिल हुए. वहीं 60 किलो वर्ग में एनआर, एसडब्ल्यूआर, एसआर, एसईआर, सीआर और डब्ल्यूआर के प्रतिभागी शामिल हुए. इस वर्ग में एसईसीआर, एसआर, सीआर, एससीआर और एसईआर के जजों ने मूल्यांकन किया. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि चैंपियनशिप में 55, 60, 65, 70, 75, 80, 85, 90, 100 तथा 100+ किलो भार वर्ग में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. प्रतियोगिता में मिस्टर इंडिया, मिस्टर कॉमनवेल्थ, मिस्टर तमिलनाडु विजेता एस कुमारनाथन, 9 बार मिस्टर इंडिया व 3 बार मिस्टर वर्ल्ड रह चुके जयप्रकाश, अर्जुन पुरस्कार विजेता एस भास्करन, अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डर रामनिवास सहित कई राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज खिलाड़ी उपस्थित रहे. चैंपियनशिप में विभिन्न रेलवे जोनों से आए खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे.



