जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीगोड़ा मैदान के पास होली के दिन हुई हिंसा और फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मुन्ना सिंह (47 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा भी बरामद किया है. शुक्रवार को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया.
जानकारी के अनुसार यह घटना बीते बुधवार (4 मार्च) को होली के दौरान हुई थी. बारीगोड़ा मैदान के पास रंग खेलने के दौरान मुन्ना सिंह और उसके दो बेटों का स्थानीय निवासी उदय रजक व अन्य ग्रामीणों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया. शुरू में कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया. इसी दौरान मुन्ना सिंह ने अपने बेटों के साथ मिलकर उदय रजक पर जानलेवा हमला करने की नीयत से फायरिंग कर दी. (नीचे भी पढ़े)
गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद पीड़ित उदय रजक की शिकायत पर परसुडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई. इसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर मुन्ना सिंह को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर एक देसी कट्टा बरामद किया गया. पुलिस अब उसके दोनों बेटों की भूमिका और संलिप्तता की भी जांच कर रही है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुन्ना सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ परसुडीह थाना में हत्या के प्रयास (धारा 307), मारपीट और धमकी देने जैसे कई मामले दर्ज हैं. इसके अलावा एससी/एसटी थाना में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज है. इस कार्रवाई में परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में एसआई गौतम कुमार वर्मा, अरुण कुमार, हीरालाल तुबिद, ज्ञानभूषण तिग्गा, एएसआई ध्रुवन महतो और हवलदार वासुदेव महतो की अहम भूमिका रही.







