जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से टाटा स्टील समूह की कम्पनी जेमीपोल लि. के सहयोग से टाटा समूह के संस्थापक जमशेतजी टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए 8 मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन रक्तदान शिविर का आयोजन प्रत्येक वर्ष की भांति रेड क्रॉस भवन में किया जाएगा. रक्तदान शिविर के वे सभी रक्तदाता रक्तदान कर सकेंगे, जिनके पिछले रक्तदान का 90 दिन पूरा हो गया हो. (नीचे भी पढ़ें)
रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने 8 मार्च को आयोजित हो रहे रक्तदान शिविर के लिए रक्तदाताओं का आह्वान करते हुए कहा कि महिला शक्ति के सम्मान और जमशेदपुर में भगवान की तरह पूजित जमशेतजी टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित कर इस रक्तदान शिविर में युवक युवतियां रक्तदान को आगे आयें. रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा. महिलाओं को विशेष स्मृति चिह्न इस अवसर पर प्रदान किया जाएगा.







