रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : पश्चिम सिंहभूम जिला परिषद् सदस्य सह मजदूर नेता जॉन मिरन मुंडा ने मनोहरपुर पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता के खिलाफ मनमानी का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, मुख्यमंत्री, कोल्हान आयुक्त एवं पश्चिम सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिख कर मामले की सीबीआइ, ईडी या एसीबी से जांच कराने की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
मुंडा ने आरोप लगाया है कि कार्यपालक अभियंता सुरेश कुमार सुमन, कनीय अभियंता दुर्लभ बंधु सुरीन और चपरासी संजय कुमार की मिलीभगत से विभाग को “लूट का अड्डा” बना दिया गया है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि एक चपरासी को ही पूरा अधिकार देकर पूरे सिस्टम का मजाक बना दिया गया है. उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के कार्यों में गुणवत्ता पूरी तरह से ताक पर रख दी गई है और ठेकेदारों से खुलेआम कमीशन वसूला जा रहा है. आरोप है कि इसी कमीशनखोरी के जरिए इन अधिकारियों ने अकूत संपत्ति खड़ी कर ली है, जिसकी निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है. जॉन मिरल मुंडा ने यह भी बताया है कि उन्होंने पहले भी 29 अप्रैल 2025 को इस संबंध में शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना प्रशासन की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है.














