जमशेदपुर : टाटा स्टील एक्स इम्पलॉईज एसोसिएशन एवं झारखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ की मांग पर टीएमएच प्रबंधन तथा एक्स इम्पलॉईज एशोसिएशन सह वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ के तत्वावधान में रविवार को सुबह 6.30 बजे बिष्टुपुर जी टाऊन मैदान स्थित फिटनेस जोन में एक स्वास्थ्य सलाह संवाद का आयोजन किया गया. इसमें टाटा मेन अस्पताल के लगभग 10 डॉक्टरों की एक टीम उपस्थित रही, जिसने फिटनेस जोन का लाभ उठानेवाले लोगों को मेडिकल सलाह दी. (नीचे भी पढ़ें)

यहां उल्लेखनीय है कि महीने भर पूर्व अध्यक्ष रवींद्रनाथ चौबे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमण्डल ने टीएमएच के जीएम से मिलकर टाटा स्टील की ओर से जमशेदपुर शहर में फिटनेस जोन बनाये जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की थी कि उसका आम जनता को बहुत लाभ मिल रहा है. इसके साथ ही प्रतिनिधिमंजल ने टीएमएच प्रबंधन से इन फिटनेस जोन का लाभ उठानेवाली आम जनता को पूर्ण स्वास्थ्य प्रदान करने के उद्देश्य से, मौसमी रोगों से बचने तथा आधुनिक स्वास्थ्य वर्द्धक सलाह देने के लिए स्वास्थ्य सलाह संवाद आयोजित करने का आग्रह भी किया था. (नीचे भी पढ़ें)
टीएमएच की महाप्रबंधक डॉ विनीता सिंह ने इस प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार कर लिया और मार्च महीने से बिष्टुपुर के जी टाउन फिटनेस जोन से इसकी शुरुआत करने का निर्णय किया. इसी क्रम में जमशेदपुर शहर के सभी फिटनेस जोनों में जाने का निर्णय हुआ है. इसकी शुरुआत बिष्टुपुर जी टाऊन मैदान फिटनेस जोन से की गई. इस संवाद में बड़ी संख्या में आम लोगों ने शिरकत की.














