जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के सी रोड स्थित मंगवार सुबह एक घर में फ्रिज फटने से भीषण आग लग गयी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. घटना अचानक हुई, जब घर के अंदर रखे फ्रिज में तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. अपनी जान बचाने के लिए कई लोगों को खिड़की से कूदकर बाहर निकलना पड़ा. (नीचे भी पढे़ं)

स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था. सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया. इस घटना में लाखों की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है.



